बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने डिजिलॉकर पर अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) के तहत सबसे अधिक डिग्री और मार्कशीट अपलोड करने में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह सूचना विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा गठित राष्ट्रीय शिक्षा नीति जॉन ग्रुप के माध्यम से साझा की गई।
वीसी प्रो. केपी सिंह ने इसे गर्व की बात बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय लगातार छात्र हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है, और डिजिलॉकर पर डिग्री और मार्कशीट उपलब्ध कराने से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें सत्यापन के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रो. अमित सिंह के अनुसार, पिछले 100 दिनों में देश के 450 से अधिक संस्थानों ने डिजिलॉकर पर अपने क्रेडिट-पैटर्न रिकॉर्ड अपलोड किए हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय ने सबसे अधिक 4.8 लाख रिकॉर्ड अपलोड कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी 3.5 लाख रिकॉर्ड के साथ दूसरे स्थान पर रही।
शीर्ष 10 विश्वविद्यालयों की सूची में रोहिलखंड विश्वविद्यालय का नाम सबसे ऊपर है, जो अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) पहल के प्रभावी कार्यान्वयन को दर्शाता है।
अन्य प्रमुख विश्वविद्यालय जैसे कि मैसूर विश्वविद्यालय, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, और दिल्ली विश्वविद्यालय भी इस सूची में शामिल हैं।
यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए बल्कि छात्रों के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम है। जो डिजिटलाइजेशन के माध्यम से उच्च शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देता है।
शीर्ष 10 यूनिवर्सिटियों द्वारा डिजिलॉकर पर अपलोड किए गए रिकॉर्ड:
महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली – 4.8 लाख रिकॉर्ड।
गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी – 3.5 लाख रिकॉर्ड।
मैसूर विश्वविद्यालय, मैसूर – 2.2 लाख रिकॉर्ड।
उत्कल विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर – 1.7 लाख रिकॉर्ड।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या – 1.6 लाख रिकॉर्ड।
वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय, सूरत – 1.6 लाख रिकॉर्ड।
शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर – 1.6 लाख रिकॉर्ड।
डॉ. A.P.J. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय, लखनऊ – 1.2 लाख रिकॉर्ड।
दिल्ली विश्वविद्यालय – 1 लाख रिकॉर्ड।
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर – 98 हजार रिकॉर्ड।
ये विश्वविद्यालय अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) के तहत डिजिलॉकर पर मार्कशीट और डिग्रियों को अपलोड करने में सबसे आगे रहे हैं, जो छात्रों के लिए आसान डिजिटल एक्सेस सुनिश्चित करता है।