थाने के सामने फायरिंग करने वाले मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

दैनिक उजाला-24 ब्यूरो,शाहजहांपुर। थाने के सामने हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना दिनदहाड़े हुई थी, जब थाने के बाहर दो गुटों के बीच विवाद के दौरान सरेआम राइफल से गोलियां चलाई गईं। इस घटना ने शहर में दहशत फैला दी और सुर्खियों में आने पर पुलिस ने तत्काल कदम उठाए।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश एस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए और एक टीम का गठन किया। एसपी सिटी संजय कुमार और क्षेत्राधिकारी प्रियांक जैन के साथ मिलकर अभियुक्तों को पकड़ने के लिए एक कार्ययोजना तैयार की गई। इस अभियान के तहत, थानाध्यक्ष मदनापुर अमित चौहान के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई, जिसमें सब इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह, मनोज कुमार, कांस्टेबल रोनिश कुमार और महिला कांस्टेबल मधुबाला को शामिल किया गया।

Two accused arrested in case of firing in front of police station
पिछले दिनों हुई घटना के समय का फोटो।

थानाध्यक्ष अमित चौहान ने पुलिस टीम के साथ अभियुक्तों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार करने की योजना पर काम शुरू किया। पुलिस को जानकारी मिली कि अभियुक्त जिला मुख्यालय पर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला कचहरी के पास पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के निकट से दो अभियुक्तों—कर्मजीत सिंह पुत्र रणवीर सिंह और शरदवीर सिंह उर्फ संजू पुत्र देवेंद्र पाल सिंह—को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद, दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

क्षेत्राधिकारी प्रियांक जैन ने बताया कि 23 सितंबर को थाना मदनापुर में वादी सत्येंद्र सिंह ने छह नामजद अभियुक्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में फायरिंग और गाली-गलौज का मामला शामिल था, जो पैसे के लेनदेन और कम्पाइन को लेकर शुरू हुआ था। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर विजय सिंह पर जान से मारने की नीयत से राइफल से फायर किया गया था।

फिलहाल, पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।

ये पढ़ें,  सुलह-समझौते के दौरान थाने के बाहर दबंगों की फायरिंग, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाल-बाल बचे

Leave a Comment

Read More

Read More