नई दिल्ली। 21 अक्टूबर 2024 को सोना और चांदी ने अपने ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंचकर एक नया रिकॉर्ड बनाया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 558 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 77,968 रुपए पर पहुंच गया। इससे एक दिन पहले सोने की कीमत 77,410 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
चांदी ने भी रिकार्ड तोड़ा
चांदी की कीमतों में भी बड़ी तेजी देखने को मिली है। चांदी की कीमत 4,884 रुपए बढ़कर 97,167 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। इससे पहले चांदी का दाम 92,283 रुपए प्रति किलो था। इससे पहले 29 मई 2023 को चांदी ने अपने ऑल-टाइम हाई 94,280 रुपए प्रति किलो का आंकड़ा छुआ था। जिसे अब पार कर लिया गया है।
आने वाले समय में सोना और चांदी की कीमतें और बढ़ेंगी
HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी हेड अनुज गुप्ता के मुताबिक, वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और त्योहारी सीजन के कारण सोने और चांदी की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। जियोपॉलिटिकल टेंशन (भूराजनीतिक तनाव) की वजह से भी निवेशक सोने की ओर रुख कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस साल के अंत तक सोने की कीमतें 79,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं। वहीं, चांदी 1 लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है।
सोने की खरीदारी पर हमेशा सर्टिफाइड गोल्ड खरीदें
विशेषज्ञों का सुझाव है कि सोना खरीदते समय हमेशा Bureau of Indian Standards (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। BIS हॉलमार्क सोने की शुद्धता की गारंटी देता है। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है, जिसे हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) कहा जाता है। यह अल्फान्यूमेरिक कोड होता है, जैसे- AZ4524। इसके जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि सोना कितने कैरेट का है और इसकी शुद्धता की जांच की जा सकती है।