इस्लामाबाद, एजेंसी। मोरक्को के पास समुद्र में नाव पलटने से अवैध रूप से स्पेन जाने की कोशिश कर रहे 44 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य लोग भी मारे गए हैं, जिनमें अन्य देशों के नागरिक भी शामिल हैं।
स्पेन आधारित प्रवासी अधिकार समूह ‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ ने गुरुवार रात एक बयान जारी कर बताया कि कैनरी द्वीपसमूह के रास्ते में 50 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 44 पाकिस्तानी नागरिक थे। इस समूह ने कहा कि प्रवासियों ने अपनी यात्रा दो जनवरी को शुरू की थी।
पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसके दूतावास ने मोरक्को से सूचित किया कि एक नौका, जिसमें 80 यात्रियों को लेकर मोरक्को से मॉरिटानिया जा रही थी, डूब गई। यह घटना विवादित पश्चिमी सहारा के मोरक्को-नियंत्रित बंदरगाह शहर दखला के पास हुई।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया और मानव तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एक दिन पहले भी हुआ था एक अन्य हादसा
मोरक्को के अधिकारियों ने एक दिन पहले एक अन्य नौका से 36 लोगों को सुरक्षित निकाला था। हर साल यूरोपीय देशों में अवैध रूप से प्रवेश की कोशिश करते हुए सैकड़ों लोग जान गंवा देते हैं।