बरेली समेत पश्चिमी यूपी के जिलाध्यक्षों के नाम तय, जल्द होगी घोषणा

नोएडा। भाजपा संगठन चुनाव को लेकर इन दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। मेरठ प्रांत के 17 और ब्रज प्रांत के 18 जिलों के जिलाध्यक्षों के नामों पर शुक्रवार को संघ और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के बीच तीन घंटे तक चली गोपनीय बैठक में मंथन हुआ। प्रेरणा भवन में आयोजित इस बैठक में जिलाध्यक्षों के नाम तय किए गए, लेकिन उन्हें फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
बैठक में मेरठ प्रांत के 17 और ब्रज प्रांत के 18 जिलों के पैनल पर विचार हुआ। पैनल में भेजे गए नामों को लेकर शीर्ष नेतृत्व ने चर्चा की। संघ की ओर से पश्चिम क्षेत्र के प्रचारक महेन्द्र, मेरठ प्रांत के प्रचारक अनिल, और ब्रज प्रांत के प्रचारक धर्मेन्द्र मौजूद थे।

भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल ने बैठक में हिस्सा लिया। मेरठ प्रांत के हापुड़ और शामली जिलों से पैनल नहीं भेजा गया। दोनों जिलों में मंडल अध्यक्ष के चुनाव संपन्न न होने के कारण इन पर चर्चा नहीं हो सकी। मेरठ, सहारनपुर और अलीगढ़ मंडल में 19 जिले आते हैं। इनमें से 17 जिलों का पैनल 14 जनवरी को प्रदेश मुख्यालय भेजा जा चुका है। आगरा, अलीगढ़, और बरेली मंडल के 18 जिलों का पैनल पहले ही भेजा जा चुका है।

सूत्रों के मुताबिक, जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा अगले एक सप्ताह में हो सकती है। इससे पहले 15 जनवरी की तिथि तय थी, लेकिन पैनल भेजने में देरी के कारण इसे आगे बढ़ाया गया। भाजपा में जिलाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। दावेदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता अपने करीबियों को जिलाध्यक्ष बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बैठक के बाद भाजपा के संगठन चुनाव में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति से पार्टी के आगामी रणनीतिक दिशा-निर्देश तय होंगे। मेरठ और ब्रज प्रांत के इन 35 जिलों के नेतृत्व पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment

Read More

Read More