बंडा। शाहजहांपुर। शहीद ए आजम सरदार भगत सिंह 117 वें जन्मदिवस पर बंडा की सामाजिक संस्था शहीद भगत सिंह सेवा सोसायटी की तरफ से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्तदान शिविर लगाया गया।
जिसमें 18 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रविन्द्र सिंह ने सरदार भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर शिविर की शुरुआत की । संस्था के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह बताया कि भगत सिंह के विचारों से प्रेरणा लेकर यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है।
भगत सिंह ने अपने जीवन में युवाओं को प्रेरित किया और देश के लिए बलिदान देने का संदेश दिया। आज के युवाओं को उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “रक्तदान एक ऐसा महादान है जिससे किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है। यही सच्ची श्रद्धांजलि है जो हम भगत सिंह जैसे वीर क्रांतिकारी को अर्पित कर सकते है।
शिविर के आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराना और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि भारत में हर साल लाखों लोगों को रक्त की आवश्यकता होती है, लेकिन अभी भी देश में रक्तदान करने वालों की संख्या कम है।
रक्तदान शिविर के दौरान संस्था के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह ने भगत सिंह की विचारधारा और उनके क्रांतिकारी योगदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि वे एक विचारक और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने नौजवानों को समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा दी थी। संस्था के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह, जसवीर सिंह,विजय कुमार अनिल, सुमित,अंकुर , मुकेश कुमार,हर्ष, दिलबाग सिंह,सत्यम, मनजिंदर, जयपाल,अजय कुमार, कपिल बंसल, अमरीक सिंह, रजवंत सिंह, सुखदेव सिंह जगदीप सिंह ने रक्तदान किया। विकास शुक्ला,बलकार सिंह का विशेष सहयोग रहा। डॉ महेंद्र त्रिपाठी,छाया सक्सेना, डॉ रतन सिंह भी मौजूद रहे।