इंटरनेशनल ट्रेड शो में बरेली मंडल के उद्यमियों ने किया 1.28 करोड़ का व्यापारिक समझौता

पंकज पटेल। उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड द्वारा आयोजित द्वितीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का भव्य आयोजन 25 से 29 सितंबर 2024 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया गया। इस शो में प्रदेश के सभी जिलों से शिल्पकारों, उद्यमियों और निर्यातकों ने भाग लिया।

बरेली मंडल से कुल 30 उद्यमियों और शिल्पकारों ने अपने उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया। जिनमें बरेली से 19, बदायूं से 3, पीलीभीत से 5 और शाहजहांपुर से 3 प्रतिभागी शामिल थे।

बरेली मंडल के उत्पादों का वैश्विक आकर्षण

इस मेले में बरेली मंडल के विभिन्न जिलों से जुड़े हस्तशिल्प जैसे जरी-जरदोजी, बांस-केन शिल्प, मसाले, और स्टील उत्पाद प्रमुख आकर्षण रहे। बरेली के जरी-जरदोजी और बांस के उत्पादों को वैश्विक बाजार में अपार संभावनाएं मिलीं। इस अंतरराष्ट्रीय शो में बी2सी (बिजनेस टू कस्टमर) और बी2बी (बिजनेस टू बिजनेस) दोनों स्तरों पर सौदे हुए।

बरेली मंडल से लगभग 21-22 लाख का  व्यवसाय और 1.28 करोड़ का B2B व्यापारिक समझौता हुआ। शो में प्रमुख व्यापारिक समझौतों में शामिल हैं।

कमल ट्रेडर्स, बरेली: जरी उत्पादों के लिए बी2सी में 75,000 और बी2बी में 8 लाख का सौदा संयुक्त अरब अमीरात के व्यापारियों से हुआ।

ग्लोरियस क्रिएशन्स, बरेली: जरी उत्पादों के लिए बी2सी में ₹3 लाख और बी2बी में ₹50 लाख का समझौता संयुक्त अरब अमीरात के व्यापारियों से हुआ।

भरजीन सोलर एनर्जी, बरेली: इंजीनियरिंग गुड्स के लिए बी2बी में ₹30 लाख का सौदा पंजाब, असम, झारखंड, चेन्नई, दिल्ली, और उत्तर प्रदेश के व्यापारियों से हुआ।

दस्तकर बम्बू केन डवलपमेंट, बरेली: बांस उत्पादों के लिए बी2सी में ₹4.5 लाख और बी2बी में ₹20 लाख का सौदा संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, और अमेरिका के व्यापारियों से हुआ।

 

बरेली मंडल के उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान

ट्रेड शो के दौरान विदेशी व्यापारियों द्वारा कई उत्पादों के सैंपल लिए गए। जिससे निकट भविष्य में आपूर्ति के बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना बढ़ गई है। इससे बरेली मंडल के उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान मिलेगी और निर्यात को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

संयुक्त आयुक्त उद्योग, बरेली मंडल, श्री सर्वेश्वर शुक्ला ने बताया कि इस शो से बरेली मंडल के हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिला है।

Leave a Comment

Read More

Read More