दैनिक उजाला24। डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार, 20 जनवरी को अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने अमेरिकी नीतियों में बड़े बदलावों का ऐलान किया। ट्रम्प ने केवल छह घंटे के भीतर जो बाइडेन के 78 फैसलों को पलट दिया। इनमें अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने, बच्चों की नागरिकता खत्म करने, WHO और पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका को बाहर निकालने जैसे फैसले शामिल हैं। ट्रम्प ने अपने पहले भाषण में कई प्रमुख ऐलान किए।
ट्रम्प ने अमेरिकी संविधान के 14वें संशोधन को चुनौती देते हुए जन्मजात नागरिकता को खत्म करने का फैसला किया। उन्होंने उन बच्चों को नागरिकता देने से इनकार कर दिया जिनके माता-पिता अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे हैं। इस फैसले का असर लाखों अप्रवासी परिवारों पर पड़ेगा। ट्रम्प का मानना है कि गरीब और युद्धग्रस्त देशों से लोग अमेरिका में आकर इस कानून का दुरुपयोग करते हैं। इसे बर्थ टूरिज्म का नाम दिया गया है।
ट्रम्प ने 6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल हिंसा के आरोप में गिरफ्तार 1,600 समर्थकों की सजा माफ कर दी। इन लोगों में कई ऐसे थे जिन्हें देशद्रोह का दोषी पाया गया था। ट्रम्प ने इन समर्थकों को देशभक्त बताया और जस्टिस डिपार्टमेंट पर गलत बर्ताव करने का आरोप लगाया।
अवैध प्रवासियों को रोकने के लिए ट्रम्प ने सख्त नीति का ऐलान किया। उन्होंने अवैध प्रवासियों की एंट्री बैन करने और उन्हें बॉर्डर पर वापस भेजने का आदेश दिया। साथ ही, मेक्सिको बॉर्डर पर इमरजेंसी लागू कर दी। ट्रम्प का कहना है कि यहां से अवैध अपराधी और प्रवासी देश में प्रवेश करते हैं। उन्होंने इस बॉर्डर पर दीवार बनाने की योजना भी दोहराई।
ट्रम्प ने चाइनीज ऐप TikTok पर बैन को 75 दिनों के लिए रोक दिया। उनका कहना है कि इस ऐप ने उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने में मदद की। उन्होंने अमेरिकी सरकार के लिए केवल दो जेंडर, पुरुष और महिला, मानने का आदेश भी दिया। ट्रम्प ने ट्रांसजेंडर समुदाय पर पहले भी सवाल उठाए थे।
पनामा नहर पर नियंत्रण वापस लेने की धमकी देते हुए ट्रम्प ने कहा कि इसे कभी पनामा को नहीं देना चाहिए था। उन्होंने मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी रखने का भी ऐलान किया।
अमेरिका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और पेरिस जलवायु समझौते से खुद को अलग कर लिया। ट्रम्प ने जलवायु परिवर्तन को एक धोखा करार दिया और अमेरिकी तेल कंपनियों को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कनाडा और मेक्सिको पर 25% टैरिफ लगाने का भी ऐलान किया।
ट्रम्प ने ग्रीन न्यू डील को समाप्त कर दिया और इलेक्ट्रिक वाहनों की अनिवार्यता को खत्म कर दिया। इसके अलावा, उन्होंने मंगल ग्रह पर अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री भेजने का ऐलान किया।
विदेशी शत्रु अधिनियम 1798 को फिर से लागू करने की घोषणा करते हुए ट्रम्प ने कहा कि इससे आपराधिक गिरोहों को निशाना बनाया जाएगा। उन्होंने क्यूबा को फिर से टेररिज्म स्पांसर कंट्री की लिस्ट में डालने का फैसला किया।