संचित दैनिक उजाला 24। शाहजहांपुर। एक छोटी सी गली से निकल कर श्रीरामचन्द्र मिशन दुनिया के 165 देशों में आध्यात्मिक कल्याण के लिए काम कर रहा है। शाहजहांपुर की यह धरती किसी तीर्थ से कम नहीं है।
यह उद्गार आज यहां श्रीरामचन्द्र मिशन आश्रम में आए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने व्यक्त किए।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि विश्व में सहज मार्ग आध्यात्मिक आन्दोलन बना हुआ है। वह यहां शाहजहांपुर में बाबूजी महाराज के नाम से विख्यात श्रीरामचन्द्र मिशन आश्रम में आए थे। जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के साथ
आश्रम में बाबूजी महाराज की समाधि पर पुष्पचक्र अर्पित कर अपने श्रृद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने दीवान जोगराज स्थित बाबूजी हाउस जाकर वहां गुरु सत्ता को प्रणाम कर नमन किया।
बाबूजी महाराज के आवास पर उनके सुपुत्र सर्वेश चंद्रा व पुत्रवधु अमिता चंद्रा ने उनका स्वागत किया। पूर्व राष्ट्रपति ने बाबूजी महाराज के कक्ष में ध्यान किया और उनके सामान आदि को देखकर यादों को साझा किया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ से ठीक साढ़े दस बजे यहां आ गए थे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। यहां तक कि खबरनवीसों को एक फोटो तक लेने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मिशन सूत्रों ने बताया कि सम्पूर्ण विश्व में महात्मा रामचंद्रजी बाबूजी महाराज के अनुयायी उनकी 125वीं जयंती मना रहे हैं। जिसका शुभारंभ नवंबर 2023 में श्रीरामचंद्र मिशन के वैश्विक मुख्यालय कान्हा शांतिवनम हैदराबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। जबकि बाबूजी महाराज की 125वीं जयंती समारोह आयोजन समिति के चेयरमैन और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बने थे।
आज यहां मिश्रीपुर स्थित श्रीरामचन्द्र मिशन आश्रम पहुंचकर पूर्व राष्ट्रपति कोविंद जी ने बाबूजी महाराज और चारी जी महाराज की काटेज और आश्रम का निरीक्षण किया। वहीं ध्यान कक्ष में उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर शहर की एक छोटी सी गली से निकलकर श्रीरामचन्द्र मिशन विश्व के 165 से अधिक देशों में मानव कल्याण के लिए आध्यात्मिक काम कर रहा है।
उन्होंने बताया सात दशक पूर्व महात्मा श्रीरामचन्द्र जी महाराज ने सहजमार्ग साधना पद्धति का जो बीज रोपा था वह आज एक वटवृक्ष बन चुका है। जिसकी छत्रछाया में आज विश्व के लाखों लोग ध्यान के माध्यम से ईश्वर साक्षात्कार के लिए सतत प्रयासरत हैं। शाहजहांपुर की धरा धन्य है जो किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि सहज मार्ग साधना पद्धति का दीप हर घर व हर हृदय में दैदीप्यमान हो रहा है।
पूर्व राष्ट्रपति के आगमन पर आश्रम में आशीष सिंह, माधौगोपाल अग्रवाल, आश्रम प्रबंधक दीपक त्यागी, श्रीगोपाल अग्रवाल, हर्षवर्धन अग्रवाल, राजगोपाल अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार सुयश सिन्हा, आनंद मिश्रा, कृष्णा भारद्वाज सहित तमाम लोग मौजूद रहे।