मथुरा में भैंसें गिरफ्तार, मालिक पर एफआईआर, जाने क्या था मामला

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां भैंसों के कुछ हरे पत्ते खाने पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए भैंसों को गिरफ्तार कर लिया और उनके मालिक पर एफआईआर दर्ज कर दी। नगर निगम के इस कदम की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।

दरअसल, मथुरा में ताजा मामला वृंदावन के संरक्षित कुंभ मेला क्षेत्र का है। जहां हरे पेड़ों के पत्ते खाने पर नगर निगम ने भैंसों को हिरासत में ले लिया। भैंसों के मालिक के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब किसान अपनी भैंसों को छुड़ाने के लिए अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है।

जानकारी के मुताबिक, कुंभ मेला क्षेत्र में प्रशासन द्वारा पौधारोपण किया गया था। बीते गुरुवार को करीब आधा दर्जन भैंसें और पड़िया चरते हुए संरक्षित क्षेत्र में घुस गईं और पेड़ों के पत्ते खाने लगीं। जब नगर निगम को इस बारे में सूचना मिली, तो निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भैंसों को हिरासत में ले लिया।

नगर निगम के राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार और स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष यादव ने भैंसों के मालिक लाखन के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की धारा सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। फिलहाल, भैंसों को कान्हा गौ आश्रय सदन में रखा गया है। जबकि लाखन अपनी भैंसों को छुड़ाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।

Leave a Comment

Read More

Read More